कर्मचारियों ने एन.एच.एक के मुख्य बाजार तक जुलूस निकाला

फरीदाबाद, 23 सितम्बर। नगर निगम प्रशासन की तमाम कोशिशों के बावजूद भी शहर की सफाई व्यवस्था चरमाई। मुख्य बाजारों में लगे है कूड़े के ढेर। वहीं आज अवकाश के बावजूद भी नगर निगम के तीनों जोनों में कर्मचारियों ने सड़कों पर उतर कर ईको ग्रीन कम्पनी द्वारा नौकरी से निकाले गए 300 कर्मचारियों को ड्यूटी पर लेने की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया गया। अब कल मंगलवार को यह कर्मचारी नगरपालिका कर्मचारी संघ, हरियाणा के आह्वान पर जिला उपायुक्त कार्यालय पर प्रदर्शन कर उपायुक्त के मार्फत मुख्यमंत्री के नाम आन्दोलन व हड़ताल का नोटिस सौंपेगे।

बीके चौक से कर्मचारियों ने एन.एच.एक के मुख्य बाजार तक जुलूस निकाला। इस जुलूस में मुख्य रूप से नगरपालिका कर्मचारी संघ के जिला प्रधान गुरचरण खाण्डिया, जिला सचिव नानकचंद खैरालिया, रविन्द्र कुमार, दर्शन सिंह सोया, राकेश चिण्डालिया शामिल थे। इसके अलावा ओल्ड फरीदाबाद जोन के कर्मचारियों ने ओल्ड फरीदाबाद के मुख्य बाजार में जुलूस निकाला। इस जुलूस का नेतृत्व सफाई कर्मचारी यूनियन के नेता बलवीर सिंह बालगुहेर, कोषाध्यक्ष जितेन्द्र छाबड़ा, ओल्ड जोन के प्रधान प्रेमपाल, राजबीर चिण्डालिया, बिरेन्द्र भण्डारी, शकुन्तला, कमलेश आदि ने किया। वहीं बल्लभगढ़ जोन के कर्मचारियों ने बल्लभगढ़ मुख्य बाजार में सफाई कर्मचारी यूनियन के सचिव सोमपाल झिझोटिया, वरिष्ठ उपप्रधान श्रीनंद ढकोलिया, बल्लभगढ़ के प्रधान नरेश भगवाना, बल्लू चिण्डालिया के नेतृत्व में निकाला गया।

निगम मुख्यालय पर आयोजित सभा के दौरान कर्मचारियों को सम्बोधित करते हुए नगरपालिका कर्मचारी संघ, हरियाणा के राज्य प्रधान नरेश कुमार शास्त्री, उपमहासचिव सुनील चिण्डालिया ने कहा कि 30 अगस्त के समझौते को लागू करवाने व ईको ग्रीन के 300 कर्मचारियों सहित नगरपालिका, परिषदों व निगमों से निकाले गए कर्मचारियों को वापिस ड्यूटी पर लेने की मांग को लेकर पालिका, परिषद व निगमों के 32 हजार कर्मचारी कल मंगलवार को प्रदेश के सभी 22 जिला उपायुक्त कार्यालयों पर विशाल प्रदर्शन कर सरकार को आन्दोलन का नोटिस सौपेंगे तथा सर्व कर्मचारी संघ, हरियाणा द्वारा घोषित सभी 90 विधानसभाओं में सरकार की पोल खोलने के लिए सभाएं आयोजित करेंगे। श्री शास्त्री ने कहा कि सरकार ने 2014 के चुनाव में कर्मचारियों से कई वायदे कि थे लेकिन सरकार ने वायदों के विपरीत कार्य किया है। प्रदेश के कर्मचारियों में सरकार के प्रति भारी नाराजगी है।