कर्मचारियों ने आन्दोलन को और तेज करने की घोषणा की
फरीदाबाद, 16 सितम्बर। पिछले नौ दिनों से टूल-डाऊन हड़ताल पर बैठे कर्मचारियों ने आन्दोलन को और तेज करने की घोषणा करते हुए बुधवार को निगम मुख्यालय का घेराव तथा ईको ग्रीन के मैनेजर रवि त्रिवेदी का पुतला दहन करने का ऐलान किया।
गौरतलब है कि नगर पालिका कर्मचारी संघ, हरियाणा के तत्वाधान में कर्मचारियों की मांगों को लेकर 27 अगस्त से राज्यव्यापी हड़ताल की गई थी। इस हड़ताल में प्रदेश के सभी पालिका, परिषद व निगमों के नियमित व अनियमित, ठेकाप्रथा तथा डोर-टू-डोर के कर्मचारी भी शामिल हुए थे। 30 अगस्त को संघ व सरकार के बीच वार्ता हुई। वार्ता में मांगों पर सहमति बनने के बाद सरकार ने सभी कर्मचारियों को ड्यूटियों पर वापिस लौट जाने की अपील की, लेकिन फरीदाबाद के 300 ईको ग्रीन कर्मचारियों को प्रबंधक रवि त्रिवेदी द्वारा तानाशाही दिखाते हुए ड्यूटी पर नहीं लिया। जोकि सरकार के आदेशों की सीधी-सीधी अवमानना है। इन कर्मचारियों के स्थान पर मोटे पैसे लेकर गैर कानूनी तरीके से बिना ड्राईविंग लाईसेंस व अन्य कागजातों के बगैर भर्ती की गई है। जिसके परिणाम स्वरूप सात सितम्बर को जवाहर कालोनी में ईको ग्रीन कम्पनी की गाड़ी से एक दुर्घटना भी हुई है। हड़ताली कर्मचारी अपने साथियों को ड्यूटी पर वापिस लेने के लिए आड़े है।
आज की हड़ताल की अध्यक्षता सफाई कर्मचारी यूनियन के प्रधान बलवीर सिंह बालगुहेर ने की तथा मंच का संचालन कर्मी नेता सोमपाल झिझोटिया ने किया।
कर्मचारियों को सम्बोधित करते हुए सर्व कर्मचारी संघ, हरियाणा के अध्यक्ष सुभाष लाम्बा व नगरपालिका कर्मचारी संघ, हरियाणा के अध्यक्ष नरेश कुमार शास्त्री ने ईको ग्रीन कम्पनी पर अधिकारियों से मिलीभगत कर फरीदाबाद की जनता की गाढ़े खून-पसीने की कमाई से भरे जाने वाले टैक्स की भारी लूट कर रहेे है। उन्होंने कहा कि अब इस आन्दोलन में नगर निगम के कर्मचारी के अलावा सर्व कर्मचारी संघ, हरियाणा से संबंधित सभी यूनियनों के कर्मचारी भी बुधवार को शामिल होगें। श्री लाम्बा व शास्त्री ने बताया कि नगरपालिका कर्मचारी संघ, हरियाणा का एक प्रतिनिधिमंडल इस मामले को लेकर उद्योग मंत्री विपुल गोयल से कल मंगलवार सुबह उनके निवास पर मिलेगा तथा इस मामले में हस्तक्षेप कर ईको ग्रीन के कर्मचारियों को ड्यूटी पर वापिस लेने की मांग करेगा।
आज की इस हड़ताल में अन्य के अलावा कर्मी नेता नगर पालिका कर्मचारी संघ, हरियाणा के राज्य उपमहासचिव सुनील चिण्डालिया, राज्य उपाध्यक्षा ब्रजवती, संघ के केन्द्रीय कमेटी के नेता कमला व सुभाष फेटमार, ड्राईवर यूनियन के प्रधान रामकिशोर त्यागी, वेदभड़ाना, सेनीटे्रशन यूनियन के प्रधान राजेन्द्र दहिया, अनिल चिण्ड़ालिया, सफाई कर्मचारी यूनियन के नेता श्रीनंद ढकोलिया, बल्लू चिण्डालिया, प्रेमपाल, महेन्द्र कुण्डिया, राजबीर, धर्म सिंह मुल्ला, सीवरमैन यूनियन के नेता विनोद घरौड़ा, कुंवरपाल आदिवासी, प्रदीप चावरिया, श्योराज सिंह, महिला नेता शकुन्तला, कमलेश, मुनेश आदि ने भी सम्बोधित किया।