नगरपालिका कर्मचारी संघ, हरियाणा के आह्वान पर चौथे दिन भी हड़ताल जारी
फरीदाबाद, 30 अगस्त। नगरपालिका कर्मचारी संघ, हरियाणा के आह्वान पर आज चौथे दिन भी हड़ताल जारी रही। हड़ताल के चलते शहर में गंदगी के ढेर जगह-जगह लग रहेे है। साथ ही शहर के मुख्य बाजार, एक नम्बर मार्किट, दो नम्बर मार्किट व पांच नम्बर, सराय, ओल्ड फरीदाबाद की मैन मार्किट व बल्लभगढ़ के मेन बाजारों में गंदगी अम्बार लगने से सफाई व्यवस्था बुरी तरह से चरमरा गई है।
आज की हड़ताल की अध्यक्षता वरिष्ठ सफाई निरीक्षक एसोसिएशन के प्रधान राजेन्द्र दहिया ने की। जबकि मंच का संचालन कर्मी नेता श्रीनंद ढकोलिया ने किया। हड़ताली कर्मचारियों को सम्बोधित करते हुए नगर निगम सफाई कर्मचारी यूनियन के प्रधान बलवीर सिंह बालगुहेर व नगरपालिका कर्मचारी संघ, हरियाणा के जिला प्रधान गुरचरण खाण्डिया
ने बताया कि हरियाणा की शहरी स्थानीय निकाय विभाग की मंत्री कविता जैन, मंत्री मनीष ग्रोवर तथा राज्य मंत्री कृष्ण बेदी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव राजेश कुमार खुल्लर, शहरी स्थानीय निकाय विभाग के अधिकारियों व नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के प्रतिनिधिमंडल के साथ 24 मई 2018 के समझौते को लागू करवाने में एक वर्ष से अधिक समय बीत चुका है परन्तु स्थानीय निकाय विभाग के अधिकारियों की कार्यप्रणाली के चलते प्रदेश की जनता गंदगी में रहनेे को मजबूर है। श्री बालगुहेर ने कहा कि प्रदेश सरकार की हठधर्मिता के चलते कर्मचारी को मजबूरन तीन दिवसीय हड़ताल को आगामी दो दिनों के लिए बढ़ाना पड़ा। हड़ताल को बढ़ाने से प्रदेश की सरकार दवाब में आई तथा नगर पालिका कर्मचारी संघ, हरियाणा के राज्य प्रधान नरेश कुमार शास्त्री के नाम वार्ता के लिए पत्र जारी किया। जिसके बाद आज चण्डीगढ़ में शहरी स्थानीय निकाय विभाग के वित्तायुक्त आनन्द मोहन शरण व शहरी स्थानीय निकाय विभाग के निदेशक बलकार सिंह के साथ संघ के राज्य प्रधान नरेश कुमार शास्त्री सहित 11 सदस्यीय कमेटी की वार्ता चण्डीगढ़ में चल रही है। वार्ता की पूर्ण जानकारी कल 31 अगस्त को नगर पालिका कर्मचारी संघ, हरियाणा के राज्य प्रधान नरेश कुमार शास्त्री नगर निगम मुख्यालय पर आयोजित कर्मचारियों की आम सभा में देगें।
आज चौथे दिन की हड़ताल पर बैठे कर्मचारियों को सर्व कर्मचारी संघ के जिला प्रधान अशोक कुमार, युद्धवीर खत्री, नानकचंद खैरालिया, सुभाष देशवाल, करतार सिंह, टीकाराम शर्मा, बिशन स्वरूप तेवतिया, रामकिशोर त्यागी, जितेन्द्र छाबड़ा, राकेश चिण्डालिया, दर्शन सोया, सोमपाल झिझोटिया, बल्लू चिण्डालिया, दानसिंह, प्रेमपाल, अनिल चिण्डालिया, महेन्द्र कुण्डिया, नरेश भगवाना, रविन्द्र टांक, रघुबीर चौटाला, कमला, माया, शकुन्तला, कमलेश, मीना, सुनीता, सत्तो आदि ने भी सम्बोधित किया।