तिरंगे की आन-बान-शान के लिए जीना गर्व की बात: चेतन शर्मा
फरीदाबाद 21,अगस्त। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व तेज गेंदबाज एवं भारतीय जनता पार्टी खेल प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक चेतन शर्मा ने कहा है कि तिरंगे की आन-बान-शान के लिए जीना मरना गर्व की बात है तथा प्रत्येक भारतीय को तिरंगे की आन-बान-शान के लिए जीवन में सब कुछ न्यौछावर कर देना चाहिए। चेतन शर्मा एनआईटी विधानसभा क्षेत्र के अन्तर्गत आने वाले नंगला रोड़ पर स्थित सेठ अमरचंद वेलफेयर सोसायटी के कार्यालय पर उपस्थित भाजपा कार्यकर्ताओं को सम्बोधित कर रहे थे। यहां पहुंचने पर श्री शर्मा का सोसायटी के अध्यक्ष सेवाराम गोयल व नंगला रोड़ व्यापार मंडल के अध्यक्ष बाबूराम अग्रवाल द्वारा पुष्प मालाओं से स्वागत किया गया। उपस्थित कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जब वह भारतीय टीम के लिए क्रिकेट खेलते थे तो मैदान पर उतरते समय तिरंगे की आन-बान-शान ही उनके दिलों-दिमाग पर छाई रहती थी। अब जबकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर के आशीर्वाद से राजनीति के क्षेत्र में आए है तो इस समय भी उनके दिलो-दिमाग में समाज व देश की सेवा करने का भाव ही रहता है। उनका कहना था कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज विश्व के सर्वमान्य नेता के रूप में देखे जा रहे है। उनकी सबका साथ-सबका विकास व सबका विश्वास नीति पर समूचा विश्व अमल करने लगा है। जहां तक बात बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान की है तो इस अभियान के सकारात्मक परिणाम आज हमारे सामने आ रहे है। उपस्थित भाजपा कार्यकर्ताओं का उन्होंने आह्वान किया कि आगामी समय में होने वाले विधानसभा चुनाव में वह भाजपा के उम्मीदवार पर ही विश्वास व्यक्त करें क्योंकि भाजपा ही देश भक्तों की पार्टी है और ईमानदार शासन-प्रशासन दे सकती है।इस अवसर पर भगवत दयाल सिंगला, सुभाष भाटी, बिल्लू पहलवान, बबलू गर्ग, राकेश कुमार, राहुल गोयल के अलावा सैकड़ों की तादाद में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।